Translate

बुधवार, 29 जून 2016

ख़ुदी से ख़लास...

चंद  अल्फ़ाज़  पास  बैठे  हैं
बस  यही  ग़मशनास  बैठे  हैं

आपने  आज  ग़ौर  फ़रमाया
हम  अज़ल  से  उदास  बैठे  हैं

रब्तो-दीदारो-वस्लो-याराना
फिर  ग़लत  सब  क़यास  बैठे  हैं

नफ़्स  ही  तो  जुदा  हुई  दिल  से
और  भी  ग़म  पचास  बैठे  हैं

तख़्ते-हिंदोस्तां  ख़ुदा  हाफ़िज़
दुश्मने-क़ौम  ख़ास  बैठे  हैं

यह  सियासत  नहीं  अजूबा  है
सब  ख़ुदी  से  ख़लास  बैठे  हैं

रूहे-शायर  को  क्या  मिली  जन्नत
शैख़  सब  बदहवास  बैठे  हैं  !

                                                                         (2016)

                                                                 -सुरेश  स्वप्निल 

शब्दार्थ : चंद अल्फ़ाज़ : कुछ शब्द ; ग़मशनास : दुःख समझने वाले ; ग़ौर : ध्यान ; अज़ल : अनादिकाल ; रब्तो-दीदारो-वस्लो-याराना : संपर्क-दर्शन-मिलन और मित्रता ; क़यास : अनुमान ; नफ़्स : प्राण ; जुदा:विलग;
तख़्ते-हिंदोस्तां : भारत का राजासन ; दुश्मने-क़ौम : गण-शत्रु, अजूबा : विचित्र वस्तु ; ख़ुदी : स्वाभिमान ; ख़लास : रिक्त ; रूहे-शायर : शायर की आत्मा ; जन्नत : स्वर्ग ; शैख़ : धर्मांध व्यक्ति ।