Translate

बुधवार, 10 जुलाई 2013

शे'रो-सुख़न के रास्ते

जब  से  वो:   दर्दे-दिल  के  ख़रीदार  हो  गए
लगता  है  हमें,   हम  तो  गुनहगार  हो  गए

बैठे  हैं  घर  में   उनकी  तमन्ना   किए  हुए
शे'रो-सुख़न    के    रास्ते    दुश्वार    हो  गए

बैठे-बिठाए    इश्क़  का  आज़ार   लग  गया
सारे   जतन    तबीब   के    बेकार   हो   गए

ईमां  लुटा  के   उनपे   ये:  ईनाम   मिला  है
दोनों   जहां     हमारे    तलबगार    हो   गए

रहबर  बताएं  कौन  है  हाफ़िज़  अवाम  का
तकिया था जिनपे लोग वो:  बदकार हो  गए

कुछ सिलसिल:-ए-रिज़्क़ हो कुछ ज़रिए-माश हो
चर्चे     हमारे    यूं   तो    बे-शुमार   हो  गए

वो:  आ  गए  हैं  सफ़  में  हमारी  कहे  बग़ैर
मौसम  शहर  के  आज  ख़ुशगवार  हो  गए !

                                                              ( 2013 )

                                                       -सुरेश  स्वप्निल 

शब्दार्थ: तमन्ना: अभिलाषा; शे'रो-सुख़न: काव्य और अभिव्यक्ति; दुश्वार: दुर्गम; आज़ार: रोग; जतन: प्रयास; तबीब: हकीम, उपचारक; ईमां: आस्था; दोनों जहां: इहलोक-परलोक;  तलबगार: अभिलाषी; रहबर: नेता, मार्गदर्शक; तकिया: विश्वास; बदकार: कुकर्मी; सिलसिल:-ए-रिज़्क़: रोज़ी-रोटी की व्यवस्था; ज़रिए-माश: अर्थ-प्राप्ति का साधन; चर्चे: चर्चाएं, प्रसिद्धि;  बे-शुमार: अनगिनत; सफ़: पंक्ति, (यहां आशय नमाज़ की पंक्ति से); ख़ुशगवार: प्रसन्नता-दायक।