Translate

सोमवार, 30 दिसंबर 2013

...साहिल की तरह !

देखो  न  हमें  क़ातिल  की  तरह
डर  जाएं  क्या  बुज़दिल  की  तरह

वो:  ख़्वाब  में  अक्सर  आते  हैं
ढूँढा  था  जिन्हें  मंज़िल  की  तरह

दिल  की  क़ीमत  ईमान  है  क्या
बहको  न  किसी  ग़ाफ़िल  की  तरह

तूफ़ान       हज़ारों       हार  गए
मौजूद  हैं  हम  साहिल  की  तरह

क्या   ख़ाक  मुहब्बत   की  तुमने
तड़पा  न  किए  बिस्मिल  की  तरह

कैसे   जाने    दें      तुम  ही  कहो
आए  हो  दुआ-ए-दिल  की  तरह

रखते  हैं  ख़ुदी  कुछ  तो   हम  भी
तोड़ो  न   दिल-ए-साइल  की  तरह !

                                                       ( 2013 )

                                                  -सुरेश  स्वप्निल 

शब्दार्थ: क़ातिल: वधिक; बुज़दिल: कायर; ईमान: आस्था; ग़ाफ़िल: भ्रमित; साहिल: किनारा; बिस्मिल: घायल;  
दुआ-ए-दिल: हृदय की प्रार्थना; ख़ुदी: स्वाभिमान; दिल-ए-साइल: याचक का हृदय।


रविवार, 29 दिसंबर 2013

न मुस्कुराओ गुनाह करके !

किसी  के  दिल  को  तबाह  करके
न     मुस्कुराओ      गुनाह  करके

चलो  यह  माना   जफ़ा  नहीं  की
कहो      ख़ुदा  को    गवाह  करके

हमें   फ़लक  पर   बिठा  दिया  है
सहर    ने     ज़ेरे-पनाह     करके

न  क़ाफ़िया   न  बहर  मुकम्मल
मिलेगा   क्या    वाह  वाह  करके

किसी  पे  मिटना   ख़ता  नहीं  है
चलो  न    नीची   निगाह   करके

किया  है   दुश्मन  को  आश्ना  गर
दिखाइए  अब     निबाह     करके

ख़ुदा  को  क्या  मुंह  दिखाएंगे  वो:
जिए  जो  रू:  को  सियाह  करके  !

                                              ( 2013 )

                                        -सुरेश  स्वप्निल 

शब्दार्थ: जफ़ा: बेईमानी; फ़लक: आकाश; सहर: उषः काल; ज़ेरे-पनाह: शरणागत; क़ाफ़िया : शे'र की दूसरी पंक्ति में  अंतिम से पूर्व का शब्द; बहर: छंद; मुकम्मल: परिपूर्ण; ख़ता : दोष, अपराध; आश्ना: मित्र,साथी; गर: यदि; रू:: आत्मा; सियाह: काला।

गुरुवार, 26 दिसंबर 2013

ग़ालिब …ग़ालिब … सिर्फ़ ग़ालिब !

उर्दू शायरी के पीराने-पीर, अज़ीम-तरीन शाहकार हज़रत मिर्ज़ा ग़ालिब ( 27 दिस. 1797- 15 फ़र.1869 ) का आज 216 वां यौमे-पैदाइश है। उनके लिए ख़ेराजे-अक़ीदत के तौर पर उन्हीं की एक बेहद मक़बूल ग़ज़ल आज आपके लिए पेश है, मुलाहिज़ा फ़रमाएं:

यह  न  थी  हमारी  क़िस्मत  कि  विसाल-ए-यार  होता
अगर  और  जीते  रहते,  यही  इंतिज़ार  होता

तिरे  वा'दे  पर  जिए  हम  तो  यह  जान,  झूठ  जाना
कि  ख़ुशी  से  मर  न  जाते,  अगर  ए'तबार  होता

तिरी  नाज़ुकी  से  जाना  कि  बंधा  था  'अहद  बोदा
कभी  तू  न  तोड़  सकता,  अगर  उस्तुवार  होता

कोई  मेरे  दिल  से  पूछे,  तिरे  तीरे-नीमकश  को
यह  ख़लिश  कहाँ  से  होती,  जो  जिगर  के  पार  होता

यह  कहाँ  की  दोस्ती  है, कि  बने  हैं  दोस्त, नासेह
कोई  चार: साज़  होता,  कोई  ग़म-गुसार  होता

रग-ए-संग  से  टपकता,  वह  लहू,  कि  फिर  न  थमता
जिसे  ग़म  समझ  रहे  हो,  यह  अगर  शरार  होता

ग़म  अगरचे:  जाँ गुसिल  है,  प'  कहाँ  बचें,  कि  दिल  है
ग़म-ए-इश्क़  गर  न  होता,  ग़म-ए-रोज़गार  होता

कहूँ  किससे  मैं  कि  क्या  है,  शबे-ग़म  बुरी  बला  है
मुझे  क्या  बुरा  था  मरना,  अगर  एक  बार  होता

हुए  मरके  हम  जो  रुस्वा,  हुए  क्यों  न  ग़र्क़े-दरिया
न  कभी  जनाज़:  उठता  न  कहीं  मज़ार  होता

उसे  कौन  देख  सकता,  कि  यगान:  है  वह  यकता
जो  दुई  की  बू  भी  होती,  तो  कहीं  दुचार  होता

यह  मसाइल-ए-तसव्वुफ़,  यह  तिरा  बयान,  ग़ालिब
तुझे  हम  वली  समझते,  जो  न  बाद: ख़्वार  होता

                                                                     -मिर्ज़ा  असद उल्लाह  ख़ां  'ग़ालिब'

शब्दार्थ: विसाल-ए-यार: पिया-मिलन; वा'दे: वचन; ए'तबार: विश्वास; 'अहद: प्रतिज्ञा, वचन; बोदा: कच्चा; उस्तुवार: दृढ़, पुष्ट; तीरे-नीमकश: आधा खिंचा हुआ तीर; ख़लिश: खटक, चुभन; नासेह: उपदेशक; चार: साज़: उपचारक; ग़म-गुसार: हितैषी, 
दुःख का सहभागी; रग-ए-संग: पत्थर की नस; शरार: चिंगारी; जाँ गुसिल: जानलेवा, प्राणघातक; ग़म-ए-इश्क़: प्रेम का दुःख; ग़म-ए-रोज़गार: आजीविका का दुःख;   शबे-ग़म: दुःख की निशा; रुस्वा: अपमानित; ग़र्क़े-दरिया: नदी या पानी में डूबा; जनाज़: : अर्थी; मज़ार: समाधि; यगान: : अनुपम; यकता: अद्वितीय; दुई: द्वैत; दुचार: दो-चार, आमने-सामने; मसाइल-ए-तसव्वुफ़: भक्ति की समस्याएं; बयान: वर्णन; वली: ऋषि, ज्ञानी; बाद: ख़्वार: मद्यप।

बुधवार, 25 दिसंबर 2013

ख़ुदा नहीं हैं वो: !

जानते  हैं    ख़फ़ा  नहीं  हैं  वो:
बस  ज़रा  बेवफ़ा  नहीं  हैं  वो:

दोस्त  हैं  हम  उन्हें  मना  लेंगे
आपका   मुद्द'आ  नहीं  हैं  वो:

दुश्मने-जां  नहीं  मगर  फिर  भी
दर्दे-दिल  की  दवा  नहीं  हैं  वो:

आसमां  का  निज़ाम  क़ायम  है
रास्ते  से    जुदा     नहीं  हैं  वो:

आतिशे-ख़ूं  रवां  हैं  रग़  रग़  में
सिर्फ़    रंगे-हिना   नहीं  हैं  वो:

पीर  हैं   बादशाह  हैं   सब  हैं
गो  हमारे  ख़ुदा  नहीं  हैं  वो: !

आज  शायद  ग़ज़ल  न  हो  पाए
आज  जल्व: नुमा  नहीं  हैं  वो : !

                                                  ( 2013 )

                                            -सुरेश  स्वप्निल 

शब्दार्थ: ख़फ़ा: रुष्ट; बेवफ़ा: बे-ईमान, निर्वाह न करने वाला; मुद्द'आ: विषय; दुश्मने-जां: प्राण का शत्रु; दर्दे-दिल: हृदय की पीड़ा; आसमां: ब्रह्माण्ड; निज़ाम: व्यवस्था;   क़ायम: नियमित, सुचारु; आतिशे-ख़ूं: रक्त की ऊष्मा/अग्नि; प्रवाहित; रग़  रग़: नस-नस;   रंगे-हिना: मेहंदी का रंग; पीर: पहुंचे हुए संत; जल्व: नुमा: प्रकट।

वो: सुबह दीजिए...!'

दोस्तों  आज  हमको  तरह  दीजिए
शाइरी  की  मुनासिब  वजह  दीजिए

मिसर:-ए-उन्सियत  दे  दिया  आपको
आप  ही  ख़ूबसूरत  गिरह  दीजिए

मर  न  जाएं  कहीं  हिज्र  में  आपके
दीजिए  तो  दुआ  बेतरह  दीजिए

तज़्किराते-मसाइल-ए-इंसां  में  अब
जज़्ब:-ए-फ़ाक़ाकश  को  जगह  दीजिए

रौशनी  जिसकी  क़ायम  अज़ल  तक  रहे
ज़िंदगी  को  कभी  वो:  सुबह  दीजिए

ज़ात-ओ-मज़्हब  के  हर  दायरे  से  परे
रहबरों  को  नई  इक  निगह  दीजिए

जल्व:गर  हो  न  जाएं  सरे-बज़्म  वो:
नज़्रे-मैकश  को  ज़र्फ़े-क़दह  दीजिए  !

                                                         ( 2013 )

                                                   -सुरेश  स्वप्निल

शब्दार्थ: तरह: शे'र की एक  पंक्ति, ऐसी पंक्ति जिस पर शे'र कहा जा सके; मुनासिब  वजह: उचित  कारण; मिसर:-ए-उन्सियत: स्नेह-पूर्ण पंक्ति; गिरह: शे'र की दूसरी पंक्ति, ऐसी पंक्ति जिसे सम्मिलित करके शे'र पूरा हो सके; हिज्र: अनुपस्थिति, वियोग; दुआ: शुभकामना; 
बेतरह: जम कर, बहुत अधिक; तज़्किराते-मसाइल-ए-इंसां: मनुष्य की समस्याओं पर चर्चा; जज़्ब:-ए-फ़ाक़ाकश: भूखे रह कर जीने वाले लोगों की भावना; क़ायम: स्थापित; अज़ल: मृत्यु, प्रलय; ज़ात-ओ-मज़्हब: जाति और धर्म; जल्व:गर: प्रकट, दृश्यमान; सरे-बज़्म:भरी सभा में; नज़्रे-मैकश: मद्यप की दृष्टि, दर्शन-रूपी मदिरा पीने वाले की दृष्टि; ज़र्फ़े-क़दह:पात्र संभालने का साहस 

मंगलवार, 24 दिसंबर 2013

दिन बदल गए !

ऐसा   करम   हुआ    के:  मेरे  दिन  बदल  गए
किसकी  लगी  दुआ  के:  मेरे  दिन  बदल  गए

दुश्मन  ने   मेरा  नाम   ज़ेहन  से  मिटा  दिया
कैसी   हुई     ख़ता    के:  मेरे  दिन  बदल  गए

बदलीं   ज़रूर   कुछ  तो   ज़माने  की   निगाहें
जिस दिन अयां हुआ  के:  मेरे  दिन  बदल  गए

हिर्सो-हवस    हो     के:   तेरा    अंदाज़े-गुफ़्तगू
सब  कुछ  बदल  गया  के:  मेरे  दिन  बदल  गए

अब  भी   वही  हूं  मैं    तेरे  दर  पर  पड़ा  हुआ
किस बात की  अना  के:  मेरे  दिन  बदल  गए

मोहसिन   कहें    हबीब   कहें    या   ख़ुदा  कहें
वो: दिल  में आ बसा के:  मेरे  दिन  बदल  गए

उस  नूरे-इलाही  में     अक़ीदत  की    बात  है
ज़ानू  से  सर  लगा  के:  मेरे  दिन  बदल  गए  !

                                                                    ( 2013 )

                                                             -सुरेश  स्वप्निल

शब्दार्थ: करम: कृपा; दुआ: शुभकामना; ज़ेहन: मनोमस्तिष्क; ख़ता: अपराध, दोष; अयां: स्पष्ट; हिर्सो-हवस: लोभ-लालच; 
अंदाज़े-गुफ़्तगू: बातचीत की शैली; अना: अहंकार; मोहसिन: अनुग्रह करने वाला; हबीब: प्रेमी, शुभचिंतक; 
नूरे-इलाही: ईश्वरीय प्रकाश, ईश्वर का आभा-मंडल; अक़ीदत: आस्था; ज़ानू: घुटना। 

सोमवार, 23 दिसंबर 2013

तेरी क़ुर्बत के लिए ...!

मौत  ने  जीना  हमारा  और  आसां  कर  दिया
फिर  दरे-मेहबूब  पर  सज्दे  का  सामां  कर  दिया

हूं  बहुत  मज़्कूर  मैं  उस  हुस्ने-शामो-सहर   का
जिसने  मेरी  अंजुमन  को  रश्क़े-रिज़्वां  कर  दिया

शुक्रिया  अय  दोस्त  तेरा  रहनुमाई  के  लिए
तूने  मेरी  हर  दुआ  को  गुहरे-मिश्गां  कर  दिया

और  क्या  करते  भला  हम  बंदगी  के  नाम  पर
तेरी  क़ुर्बत  के  लिए  ईमान  क़ुर्बां  कर  दिया

पुर्सिशों  से  ज़ल्ज़ला  सा  आ  गया  घर  में  मेरे
लज़्ज़ते-गिरिय:  ने  हमको  फिर  पशेमां  कर  दिया

फिर  किसी  ने  ख़ुल्द  में  दिल  से  पुकारा  है  हमें
फिर  मेरे  दर्दे-निहां  को  राहते-जां  कर  दिया

बेख़याली  बदगुमानी  बदनसीबी  सब  यहीं
ज़िंदगी  दे  कर  ख़ुदा  ने  ख़ाक  एहसां  कर  दिया  !

                                                                       ( 2013 )

                                                                 -सुरेश  स्वप्निल 

शब्दार्थ: आसां: आसान, सरल; दरे-मेहबूब: प्रिय/ईश्वर का द्वार ; सज्दे  का  सामां: पृथ्वी पर सिर झुका कर प्रणाम करने का प्रबंध; 
मज़्कूर: शुक्रगुज़ार, आभारी; हुस्ने-शामो-सहर: संध्या और उषा का सौंदर्य; अंजुमन: सभा; रश्क़े-रिज़्वां: रिज़वान, जन्नत का प्रहरी की ईर्ष्या का कारण; रहनुमाई: मार्गदर्शन; गुहरे-मिश्गां: पलकों के मोती, अश्रु; बंदगी: भक्ति; क़ुर्बत: निकटता;   ईमान: आस्था; क़ुर्बां: बलिदान; पुर्सिश: हाल पूछना;  ज़ल्ज़ला: भूकम्प; लज़्ज़ते-गिरिय: : रोने का आनंद; पशेमां: लज्जित, अवमानित;  ख़ुल्द: स्वर्ग; दर्दे-निहां: अंतर्मन की पीड़ा; राहते-जां: प्राणाधार; बेख़याली: अन्यमनस्कता; बदगुमानी: दूसरों की कु-धारणाएं; बदनसीबी: दुर्भाग्य; 
ख़ाक: व्यर्थ, धूल के समान; एहसां: एहसान, अनुचित कृपा।